दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 28 हजार 210 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 77 लाख 31 हजार 673 हो गया है। अब तक 39 लाख 25 हजार 273 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। ब्राजील के लिए परेशानी का दौर जारी है। अब यह देश मौतों के मामले में ब्रिटेन से आगे निकल गया है। यहां 41 हजार 901 लोगों की मौत हो चुकी है। ब्रिटेन में यह आंकड़ा 41 हजार 481 है।
ब्राजील : दम तोड़ते लोग
ब्राजील में शुक्रवार रात मरने वालों का आंकड़ा 41 हजार 901 हो गया। इसके साथ ही मौतों के मामले ब्राजील ब्रिटेन से आगे निकल गया। ब्रिटेन में इसी दौरान मरने वालों की संख्या 41 हजार 481 रही। कई दिन तक आंकड़े छिपाने के बाद अब ब्राजील सरकार ने अपडेट देना शुरू किया है। शुक्रवार को यहां 843 और संक्रमितों की मौत हुई। संक्रमण के लिहाज से ब्राजील पहले ही अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर था।
फ्रांस : यूरोप में यात्रा की इजाजत मिलेगी
फ्रांस सरकार 15 जून से कुछ यात्रा प्रतिबंध हटाने जा रही है। यहां जानकारी गृह मंत्री क्रिस्टोफी कास्टनर ने दी। यूरोपीय यूनियन से आवाजाही अब हो सकेगी। अंडोरा, आईसलैंड, मोनाको, नॉर्वे, सैन मरीनो और स्विट्जरलैंड से भी लोग आवाजाही कर सकेंगे। इन देशों से आने वालों पर क्वारैंटाइन की पाबंदियां भी लागू नहीं होंगी। स्पेन और ब्रिटेन के लिए सख्त पाबंदियां फिलहाल जारी रहेंगी। स्पेन से आने वालों को 14 दिन क्वारैंटाइन रहना होगा।
अमेरिका : विरोध प्रदर्शनों से खतरा
अमेरिका में संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा एक लाख 14 हजार से ज्यादा हो गया है। जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक, शुक्रवार को यहां 9618 मामले सामने आए। इसी दौरान 308 लोगों की मौत हुई। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद हुए प्रदर्शनों की वजह से अमेरिका में संक्रमण का खतरा ज्यादा बढ़ा है। हालांकि, सरकार की तरफ से अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
डब्ल्यूएचओ : फीडिंग से बच्चे को खतरा नहीं
डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि ब्रेस्ट फीडिंग से संक्रमण का खतरा नहीं है। इसलिए वो महिलाएं जो संक्रमित हैं वो बच्चे को स्तनपान यानी ब्रेस्ट फीडिंग करा सकती हैं। डब्ल्यूएचओ चीफ डॉ. तेद्रोस गेब्रियेसस ने शुक्रवार को कहा, “कोविड-19 से संक्रमित या संक्रमण का संदेह होने पर भी बच्चे को फीडिंग कराई जानी चाहिए। जब तक मां बहुत ज्यादा बीमार नहीं है, बच्चे को उससे अलग नहीं किया जाना चाहिए।”
अमेरिका : फिर लग सकते हैं प्रतिबंध
अमेरिका में बढ़ते मामलों के मद्देजर एक बार फिर से प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री के अफसर जे बटलर ने शुक्रवार को कहा, “अगर कोरोना मामले इसी तरह बढ़ते रहे तो उसको रोकने के वही उपाय किए जा सकते हैं जो मार्च में किए गए थे। हम अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचे, लेकिन विकल्प खुले हैं।” बटलर और सीडीसी के निदेशक डॉ रॉबर्ट रेडफ़ील्ड दोनों ने अमेरिकी लोगों को कम से कम छह फीट की सोशल डिस्टेंसिंग रखने और मास्क पहनने की सलाह दी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
0 Comments